शाजापुर:
शाजापुर के लालघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुपाड़ा रोड पर सोमवार शाम उपद्रवियों ने चलती गाड़ियों पर जमकर पथराव किया। इस घटना में 3 से 4 चारपहिया वाहनों के कांच टूट गए, गनीमत रही कि वाहन सवार यात्री बाल-बाल बच गए। बार-बार हो रही इन वारदातों से इस मार्ग से गुजरने वाले चालकों में भारी दहशत का माहौल है।
कैसे हुई घटना?
सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे करेड़ी नाका के आगे दुपाड़ा रोड पर इंदौर निवासी धरम इंगले मां बगलामुखी के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी उनकी कार पर पत्थर फेंका गया, जिससे पिछला कांच चकनाचूर हो गया। इसी दौरान, आगर मालवा से शाजापुर आ रहे हीरपुर टेका भरड़ निवासी जितेंद्र कुम्हार की कार को भी हरणगांव टर्न के पास निशाना बनाया गया। इसके अलावा दो अन्य वाहनों के कांच भी टूटे हैं।
यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पत्थरबाजी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। एक पिछली घटना में तो वाहन में बैठी महिला गंभीर रूप से घायल भी हो गई थी। आए दिन हो रही इन वारदातों से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने बढ़ाई चौकसी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झाड़ियों व आसपास के इलाकों में सर्चिंग की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। एसपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित मार्ग पर पुलिस चेकिंग पॉइंट बना दिए गए हैं। पुलिस शिकायतों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।




