भोपाल:
राजधानी के गौतम नगर कॉलोनी में मंगलवार को गाड़ी साइड करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चुनरी यात्रा के बाद लौट रहे डीजे वाहन को रास्ता देने के लिए सड़क पर खड़ी एक जीप को हटाने को लेकर दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे और डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए हैं।
घटना की शुरुआत तब हुई जब चुनरी यात्रा से डीजे वाहन वापस आ रहा था और रास्ते में एक जीप खड़ी होने के कारण उसे निकलने में परेशानी हुई। डीजे के साथ चल रहे युवकों ने जब जीप चालक से वाहन हटाने के लिए कहा, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों तरफ से परिवार के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में एक पक्ष से एक व्यक्ति जबकि दूसरे पक्ष से चार लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही गौतम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।



