भोपाल: राजधानी भोपाल में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बगोनिया गांव और गांधीनगर इलाके में दबिश दी। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब और लहान बरामद किया गया, जिसे जमीन में बहाकर नष्ट किया गया। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बगोनिया और गांधीनगर में छापा: आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की रात उप निरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने परवलिया थाने के ग्राम बगोनिया में दबिश दी। वहां आरोपी राहुल अहिरवार के घर से 600 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की गई।
वहीं, गांधीनगर के शांतिनगर इलाके में नीले ड्रमों में भरकर रखे गए एक हजार लीटर लहान को बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
एक्टिवा से शराब सप्लाई करता युवक दबोचा: एक अन्य कार्रवाई में, शाहजहांनाबाद क्षेत्र से संजय बाथम को एक्टिवा स्कूटर पर देशी शराब की सप्लाई करते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी ने बागमुगालिया क्षेत्र में शराब दुकान के आसपास अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर करीब एक दर्जन लोगों को वहां से हटाया।




