भोपाल: बोर्ड ऑफिस चौराहे पर गुरुवार को प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क पर बैठकर थालियां बजाने से चौराहे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की, जिसके बाद कई अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए और राष्ट्रगान गाने लगे। इस दौरान पुलिस और महिला अभ्यर्थियों के बीच तीखी झड़प हुई। कुछ महिलाओं ने रोते हुए कहा, “अगर नियुक्ति नहीं दे सकते, तो हमें जहर दे दो।”
अभ्यर्थी भर्ती नियम के क्लॉज 49 के तहत डी.एल.एड (D.El.Ed) की शर्त पर सवाल उठा रहे हैं और पात्र अभ्यर्थियों को जल्द जॉइनिंग देने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले करीब 22 दिन पहले भी एमपी नगर चौराहे पर चार घंटे तक चक्काजाम किया गया था। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक नियुक्ति को लेकर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




