भोपाल: हबीबगंज थाना क्षेत्र में तीन साल पुरानी दोस्ती का खौफनाक अंत सामने आया है। लैपटॉप वापस मांगने पर विकास यादव नामक युवक ने कार के अंदर युवती के साथ जमकर मारपीट की और उसे होटल के बाहर अकेला छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से शहडोल की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने भोपाल से बीटेक किया है और आर्किटेक्ट के रूप में काम कर चुकी है। उसकी आरोपी विकास से करीब तीन साल पुरानी पहचान थी। कुछ समय पहले विकास उससे लैपटॉप मांगकर ले गया था जिसे वापस मांगने पर वह टालमटोल कर रहा था। शनिवार रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपी उसे कार से 12 नंबर मल्टी होते हुए होटल राजहंस ले गया।
रात करीब 12 बजे होटल के बाहर लैपटॉप को लेकर फिर कहासुनी शुरू हुई, जिसके दौरान आरोपी ने कार के अंदर ही युवती के साथ मारपीट की और उसे वहीं छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद सहमी युवती ने रैपिडो बुक कर घर पहुंचकर अपने पिता को वीडियो कॉल पर पूरी बीती बात बताई। वीडियो कॉल पर बेटी की हालत देखकर शहडोल से सोने-चांदी के व्यापारी पिता तुरंत भोपाल पहुंचे। रविवार को उन्होंने पहले बेटी का इलाज कराया और फिर उसे लेकर हबीबगंज थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया।




