रतनगढ़। दीपावली दौज मेले में श्रद्धालुओं को बांटने के लिए ले जाया जा रहा करीब 200 किलो मिलावटी मावा प्रशासन ने जब्त कर लिया है। सोमवार शाम खाद्य सुरक्षा विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रतनगढ़ माता मंदिर मार्ग पर यह बड़ी कार्रवाई की।
कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। इस संयुक्त टीम में सेवढ़ा नायब तहसीलदार रामनरेश आर्य, मंदिर चौकी प्रभारी बृजेश मिश्रा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सबिता सक्सेना शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। मेले के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच लगातार जारी रहेगी और अमानक या मिलावटी सामान बेचने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



