देवास: नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने बुधवार रात चंद्रतारा कॉलोनी में एक आवासीय मकान पर छापा मारकर करीब 8 लाख रुपए कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि रिहायशी इलाके में बिना अनुमति के पटाखों का भारी स्टॉक रखा गया है और यहीं से उनकी बिक्री की जा रही है।
यह कार्रवाई बुधवार रात 8 से 10 बजे के बीच की गई। पुलिस ने आरोपी रजत अग्रवाल के निजी मकान के एक कमरे से लगभग 70 अलग-अलग किस्म के पटाखे बरामद किए हैं।
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी आलोक सोनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शहर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।




