खरगोन:
जिले के बेड़िया थाना क्षेत्र के पिपरीखेड़ी (दांगी फालिया) गांव में पुलिस ने कपास के खेत के बीच छिपकर की जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुरुवार को दबिश देकर खेत से 97 हरे पौधे जब्त किए हैं।
कपास की आड़ में चल रहा था खेल
थाना प्रभारी रामेश्वर ठाकुर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पिपरीखेड़ी में दबिश दी और खेत की घेराबंदी कर रखवाली कर रहे आरोपी रामलाल उर्फ रामू डावर को दबोच लिया। कपास की फसल के बीच उगाए गए इन 97 पौधों की ऊंचाई करीब 2 से 3 फीट है, जिनका कुल वजन 9 किलो 260 ग्राम और अनुमानित कीमत 74 हजार रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। एएसपी शकुंतला रुहल ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की नारकोटिक्स शाखा का विशेष अभियान 10 नवंबर तक चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।



