भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के वाजपेयी नगर में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके बेटे को हिरासत में लिया है। वारदात के बाद से ही बेटा लापता था, जिससे उस पर शक गहरा गया था। दोनों घटना के समय पास के सीसीटीवी कैमरे में भी नजर आए थे। हिरासत में लेने के दौरान आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों पर हमले का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें सुरक्षित निकाल लिया।
वाजपेयी नगर मल्टी में अकेली रहने वाली कलरी देवी का शव शुक्रवार को उनके घर में मिला था। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सामने आया है कि उनकी हत्या रस्सी से गला घोंटकर की गई थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने लूटपाट के दौरान महिला के सोने के दांत तक उखाड़ लिए।
वारदात से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट मार्ग पर करीब 45 मिनट तक चक्काजाम किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही जाम खुल सका। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी जल्द ही पूरी घटना का विधिवत खुलासा कर सकती है।




