इंदौर। कनाड़िया थाना पुलिस ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए फिनिक्स मॉल के पीछे एक कार से 80 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की है। मौके से देवास जिले के दो सगे भाइयों को हिरासत में लिया गया है, जो इस रकम के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
पुलिस के अनुसार, टीपीएस-05 मेन रोड स्थित मैदान में संदिग्ध हालत में खड़ी वैगनआर कार (एमपी 09 जेडई 5088) की तलाशी ली गई। जांच में कार से 500 रुपये के 75 लाख, 100 रुपये के 3 लाख और 200 रुपये के 2 लाख रुपये के नोट मिले।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान बरखेड़ा सोमा (बागली, देवास) निवासी तिलोक गामी और मनोज गामी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों बार-बार बयान बदलते रहे। उन्होंने बिचौली के एक व्यक्ति से जमीन के सौदे का रुपया लेने का दावा किया, लेकिन कोई कागजात नहीं दिखा पाए। पुलिस ने नकदी जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सूचना भेज दी है।




