रीवा। श्यामशाह मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन और मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. मनोज इंदुलकर के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने शनिवार शाम अमहिया थाने पहुंचकर इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में महिला ने बताया कि डॉ. इंदुलकर लंबे समय से उसे परेशान कर रहे हैं और उस पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। महिला का आरोप है कि वे उसके घर के नीचे आकर खड़े हो जाते हैं, जबरदस्ती उपहार देने की कोशिश करते हैं और विभिन्न तरीकों से उस पर दबाव बनाते हैं। पीड़िता के अनुसार, इस लगातार हो रही प्रताड़ना से वह गहरे मानसिक तनाव में है और उसके मन में आत्मघाती विचार तक आने लगे हैं।
दूसरी ओर, डॉ. मनोज इंदुलकर ने खुद पर लगे इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और झूठा बताया है। इस मामले में एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि पुलिस को महिला की ओर से एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




