भोपाल। राजधानी के मिसरोद इलाके में शादी का झांसा देकर एक युवती का करीब चार साल तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर मिसरोद थाना पुलिस ने आरोपी हर्षवर्धन यादव के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय पीड़िता पेशे से वीडियो एडिटर है। करीब चार साल पहले एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उसकी पहचान हर्षवर्धन यादव से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पिछले चार साल से आरोपी शादी का वादा कर युवती का शोषण करता रहा। हाल ही में जब युवती ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह अपने वादे से मुकर गया और शादी से साफ इनकार कर दिया।
इससे परेशान होकर पीड़िता ने शनिवार को मिसरोद थाने में लिखित शिकायत दी थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सब इंस्पेक्टर श्वेता शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।




