भोपाल. आदमपुर स्थित कचरा खंती के पास सोमवार सुबह एक प्लास्टिक प्लांट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें 20 फीट ऊंची उठने लगीं और काले धुएं का गुबार 5 किलोमीटर दूर से ही नजर आ रहा था। सूचना मिलते ही खंती परिसर और आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।
शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण, जनहानि नहीं पीपीपी (PPP) मोड पर संचालित इस प्लांट की क्षमता 5 टन प्रतिदिन है, जिसे ‘टेराफॉर्म’ संस्था चला रही है। संस्था के संचालक राहुल चौधरी ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस आगजनी का आदमपुर वेस्ट प्रोसेसिंग साइट पर कोई असर नहीं पड़ा है। उपायुक्त भुवन गुप्ता ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
कल सुप्रीम कोर्ट में होनी है कचरा हटाने पर सुनवाई यह घटना ऐसे समय हुई है जब आदमपुर खंती के कचरे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। मंगलवार, 17 नवंबर को इस मामले पर सुनवाई होनी है, जिसमें कचरे के इस पहाड़ को हटाने के आदेश मिलने की उम्मीद है। कचरे की वजह से आसपास के इलाकों का भूजल दूषित हो चुका है, जिससे स्थानीय लोग टैंकरों के पानी पर निर्भर हैं।
इस साल चौथी बार भड़की आग आदमपुर खंती और आसपास के इलाके में इस साल आग लगने की यह चौथी घटना है। हालांकि, पिछली तीन घटनाओं में आग मामूली थी। यहां हर साल होने वाली आगजनी की घटनाओं को देखते हुए स्थायी रूप से दमकलें भी तैनात की गई हैं, लेकिन प्लास्टिक और कचरे के कारण आग अक्सर विकराल रूप ले लेती है।



