Friday, November 20, 2026
21.1 C
Bhopal

भोपाल के वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि: मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने वाली दुनिया की पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार

भोपाल। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने मुर्गियों को बर्ड फ्लू (H5N1) से बचाने के लिए दुनिया की पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर ली है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को इस वैक्सीन को देश को समर्पित किया। महज 1 से 2 रुपए प्रति डोज की कीमत वाली यह वैक्सीन पोल्ट्री किसानों के लिए बड़ा सुरक्षा कवच साबित होगी।

कृषि मंत्री ने बताया कि पहली डोज के 21 दिन बाद मुर्गियों को बूस्टर डोज दी जाएगी, जिसका असर 6 महीने तक रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘एग्रीनोवेट इंडिया’ के जरिए इसकी तकनीक जल्द से जल्द व्यावसायिक उत्पादन के लिए दी जाए, ताकि वैक्सीन शीघ्र बाजार में उपलब्ध हो सके। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के इसी संस्थान में 300 करोड़ रुपए की लागत से नई BSL-4 लैब बनाने की भी घोषणा की।

कड़े सुरक्षा नियमों के बीच हुई रिसर्च शिवराज सिंह ने वैज्ञानिकों के समर्पण की सराहना करते हुए बताया कि रिसर्च के दौरान उन्हें बेहद सख्त नियमों से गुजरना पड़ा। संक्रमण के खतरे को टालने के लिए वैज्ञानिकों को घर जाने पर 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था और घर में पालतू जानवर रखने की भी मनाही थी। उन्होंने कहा कि पशु किसानों के लिए ‘चलते-फिरते एटीएम’ हैं, लेकिन हर साल बीमारियों से करीब 56 हजार करोड़ रुपए का नुकसान होता है। यह वैक्सीन पोल्ट्री उद्योग के करोड़ों रुपए के नुकसान को बचाएगी।

क्यों खास है यह वैक्सीन? ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट के अनुसार, बर्ड फ्लू के ‘H5N1 क्लेड 2.3.2.1a’ वैरिएंट की दुनिया में अब तक कोई वैक्सीन नहीं थी। डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में सितंबर 2025 में इस पर काम शुरू हुआ था, जो अगस्त 2026 में पूरा हुआ। परीक्षण में पाया गया कि वैक्सीन लगी मुर्गियों से अन्य स्वस्थ मुर्गियों में वायरस नहीं फैला।

8 वैज्ञानिकों का सम्मान कार्यक्रम में खेल मंत्री विश्वास सारंग और सांसद आलोक शर्मा ने इसे भोपाल और देश के लिए गौरव का क्षण बताया। इस दौरान वैक्सीन विकसित करने वाली टीम के 8 वैज्ञानिकों—डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच.वी. मुरुगार, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. डी. सेंथिल कुमार, डॉ. नवीन कुमार और डॉ. आर. योगीशराध्या को सम्मानित किया गया।

एक नजर में बर्ड फ्लू का खतरा:

  • देश में 2006 से अब तक इसके 500 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।
  • संक्रमण फैलने पर झुंड में मृत्यु दर 100 प्रतिशत तक पहुंच जाती है, जिससे लाखों मुर्गियों को मारना पड़ता है।
  • नई वैक्सीन के आने से अब बड़े पैमाने पर पक्षियों को नष्ट करने की नौबत कम होगी।

Hot this week

20 लाख की एमडी ड्रग्स मामला: मुख्य सप्लायर राजस्थान के झालावाड़ से गिरफ्तार

हरदा (सिराली)। सिराली थाना पुलिस ने 20 लाख रुपए...

बाइक के बैग में रखवाई थी रिश्वत की रकम, लोकायुक्त टीम ने पटवारी को दबोचा

मनासा (नीमच)। उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी...

Topics

बाइक के बैग में रखवाई थी रिश्वत की रकम, लोकायुक्त टीम ने पटवारी को दबोचा

मनासा (नीमच)। उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img