भोपाल। ईंटखेड़ी के अरवलिया इलाके में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय रुखसाना, उनकी 12 साल की बेटी और 8 साल के बेटे के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को देवरानी को आटा न देने की बात पर पति फहीम ने रुखसाना को डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर शनिवार दोपहर रुखसाना दोनों बच्चों को आधे दिन में ही स्कूल से घर ले आईं। उन्होंने पहले बच्चों को खाना खिलाया और फिर पानी में सल्फास की गोली घोलकर बच्चों को पिला दी, जिसके बाद खुद भी पी ली।
शाम को घर से बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो तीनों अचेत पड़े थे। परिजन उन्हें तुरंत हमीदिया अस्पताल ले गए, जहां शनिवार देर रात मां और रविवार तड़के दोनों बच्चों की मौत हो गई। एसपी पंकज पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




