बैरसिया। जनपद पंचायत बैरसिया की ग्राम पंचायत डुंगरिया में 27 नवंबर को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर लगाया जाएगा। इसके सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम शिवांगी बघेल, जनपद सीईओ देवेश सराठे, थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी, सरपंच गंगाराम प्रजापति, सचिव खुमान सिंह मीणा और पटवारी राकेश पाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





