दतिया। जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम बरगांय और कंजर डेरा में दबिश दी। इस दौरान टीम ने कुल 69.31 बल्क लीटर देशी, विदेशी और हाथभट्टी शराब जब्त कर 4 प्रकरण दर्ज किए हैं। मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 17,780 रुपए बताई गई है।
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, उपायुक्त संभागीय उड़नदस्ता संदीप शर्मा और जिला आबकारी अधिकारी मनीष द्विवेदी के निर्देशन में कंट्रोल रूम प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने सबसे पहले वृत्त दतिया ‘अ’ के ग्राम बरगांय में दबिश देकर 15.95 बल्क लीटर बीयर और 0.36 बल्क लीटर विदेशी शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
इसके बाद टीम ने बरगांय कंजर डेरा पर छापा मारा, जहां से 53 बल्क लीटर हाथभट्टी शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 3 मामले दर्ज किए और 2 आरोपियों को पकड़ा। इस दौरान टीम ने क्षेत्र की एक शराब दुकान का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक ध्वनि भदौरिया, मुख्य आरक्षक विकास पाठक, आरक्षक लक्ष्मीनारायण मांझी, मनीष यादव और अभिषेक शर्मा की मुख्य भूमिका रही।






