प्रदेश के सबसे बड़े विवाह घोटाले में 5976 शादियों के रिकॉर्ड सामने आने लगे है। इस घपले में नया खुलासा हुआ है कि फर्जी शादी कराने वाली गैंग ने शादी और निकाह के मैरिज कार्ड तक थोक में छपवा रखे थे। जांच में 2476 फर्जी शादियों के निमंत्रण कार्ड खंगाले गए तो वे सभी एक जैसे फार्मेट में मिले। कार्ड में दूल्हा-दूल्हन, माता-पिता और घर के नाम-पते ही बदले थे, बाकी सब एक जैसा था।यहां तक कि बुआ, मौसी और चाचू की शादी में जलूल आने वाली बाल मनुहार भी हूबहू थी। वैसे तो शादियों के कार्ड मोटे होते हैं, लेकिन इन शादियों के कार्ड एक पतले पन्ने पर छपे थे। इन्हें फोटो कॉपी कर तैयार किया गया था। निकाह के कार्ड भी ठीक हूबहू थे। सिरोंज तहसील में कोरोना काल में हुई 20 करोड़ रु. की शादियों के फर्जीवाड़े में एक जैसे कार्ड मिलना इसलिए चौंकाने वाला है कि क्योंकि श्रम विभाग की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में शादी के कार्ड परिजन ही छपवाते हैं। ये शादी असली होती तो कार्ड भी अलग-अलग होते।मप्र में पहली ऐसी ईओडब्ल्यू जांच, जिसमें 5976 शादियों के जोड़ों की तलाश हो रहीआर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) इस मामले की जांच कर रहा है। ये प्रदेश का एकमात्र ऐसा मामला है, जिसमें 5976 शादियों के दूल्हा-दुल्हन, उनके परिजन, बरातियों-घरातियों की तलाश की जा रही है। इस घोटाले से कई अफसरों, कर्मचारियों, बैंक मैनेजर, सचिव, परिजन, दलालों से पूछताछ चल रही है। ऐसे में कार्ड छापने वालों की भी तलाश शुरू हो गई है। अब तक जांच में पता चला है कि कुल 5976 शादियों के 70% कार्ड सिर्फ 2 या 3 फॉर्मेट में छपे हैं।




