इंदौर:
शहर के लसूड़िया इलाके स्थित अपोलो गोल्ड प्राइम बिल्डिंग के एक कैफे में सोमवार देर रात मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कैफे स्टाफ से कहासुनी के बाद दो गुटों के युवक आमने-सामने आ गए और बिल्डिंग की पार्किंग में एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए।
मौके पर मौजूद गार्ड ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन युवक नहीं माने। इसके बाद गार्ड द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों गुटों के युवक वहां से फरार हो गए।
कैफे में हुई थी कहासुनी:
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात तीन-चार युवक कैफे में पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर उनकी स्टाफ से कहासुनी हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन थोड़ी ही देर में दूसरे गुट के युवक भी वहां पहुंच गए और विवाद बढ़ने पर उन्हें कैफे से बाहर कर दिया गया।
पार्किंग में हुई मारपीट और पहचान की कोशिश:
कैफे से बाहर आने के बाद दोनों गुटों के बीच पार्किंग में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। शुरुआती जांच में अर्जुन, अंकित और कशिक नाम के युवकों की पहचान सामने आई है। लसूड़िया पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।



