विदिशा:
शहर में मासूम बच्चों के गले से सोने-चांदी के गहने चोरी करने वाला एक संदिग्ध गिरोह सक्रिय हो गया है। महज चार दिन के भीतर इस तरह की दूसरी घटना सामने आने से लोगों में दहशत और आक्रोश है।
पहली घटना: किरी मोहल्ला की चूड़ी दुकान
ताजा मामला शहर के किरी मोहल्ला का है। 31 जुलाई की शाम करीब 7 बजे अर्पित लखेरा की दुकान पर मुंह बांधकर एक युवक ग्राहक बनकर आया। उसने दुकानदार की पत्नी को सामान दिखाने में उलझा लिया और दुकान में खेल रहे मासूम बच्चे के गले से ब्लेड से करीब 25 हजार रुपए कीमत के सोने के हाय और चांदी के चंदा-सूरज काट लिए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गई है।
परिजनों ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन फुटेज होने के बावजूद अब तक आरोपी का सुराग नहीं मिला है। मंगलवार को परिजनों ने एसपी से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
दूसरी घटना: जिला अस्पताल परिसर
इससे पहले जिला अस्पताल में भी ऐसी ही घटना हो चुकी है। शमशाबाद निवासी रेखा बाई अपनी मामी की डिलीवरी के समय अस्पताल आई थीं। जब वे पानी भरने गई थीं, तभी अज्ञात बदमाश उनकी एक साल की बेटी के गले से सोने का लॉकेट निकालकर फरार हो गया।
एसपी ने बनाई विशेष टीम
लगातार दो वारदतों से संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और पुलिस जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है।




