ग्वालियर:
हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी में सोमवार शाम मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक सनकी पड़ोसी ने खुलेआम एक बेकसूर कुत्ते को दौड़ा-दौड़ाकर कुल्हाड़ी से बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हमलावर के खौफनाक रूप को देखकर आसपास मौजूद महिलाएं और बच्चे सहम गए।
15 मिनट तक तड़पता रहा बेजुबान
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे पीएचई कॉलोनी निवासी नरेंद्र अहिरवार अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी उनका पड़ोसी होमी जाटव हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां आ धमका और कॉलोनी में घूम रहे कुत्तों के पीछे दौड़ पड़ा। आरोपी ने एक कुत्ते को घेरकर कुल्हाड़ी से कई वार किए। हमले के दौरान कुत्ता दर्द से करीब 15 मिनट तक तड़पता और चिल्लाता रहा, लेकिन किसी की भी हिम्मत उसे बचाने की नहीं हुई। आरोपी ने दूसरे कुत्ते पर भी वार करने की कोशिश की, जो किसी तरह वहां से भाग निकला।
महिला बाल-बच बचाई, विरोध करने पर विवाद
नरेंद्र अहिरवार के अनुसार, हमले के दौरान उनके छोटे भाई की पत्नी भी आरोपी की चपेट में आने से बाल-बाल बचीं। उन्होंने दौड़कर घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। जब नरेंद्र ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तो वह उनसे भी उलझ गया और गाली-गलौज करने लगा।
पुलिस कर रही पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष की ओर से पीएचई कॉलोनी निवासी रोशनी और नरेंद्र अहिरवार ने हजीरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि वायरल वीडियो का सत्यापन किया जा रहा है। मामले में थाने पर आवेदन प्राप्त हो चुका है। प्रथम दृष्टया वीडियो में पशु पर अत्याचार साफ नजर आ रहा है। पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर रही है, और आरोपी के खिलाफ जल्द ही सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




