ग्वालियर: जिले में साइबर ठगों ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पी. नरहरि के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर सिंचाई विभाग के 71 वर्षीय सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री से 1 लाख 56 हजार 500 रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरार के कल्पना नगर निवासी 71 वर्षीय मैथिली शरण गुप्ता सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनके पास कुछ दिन पहले आईएएस पी. नरहरि के नाम से बनी फर्जी आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसके बाद ठग ने सीआरपीएफ कमांडेंट दोस्त का सेकंड हैंड फर्नीचर सस्ते में बेचने का झांसा दिया। व्हाट्सएप पर फर्नीचर की तस्वीरें भेजकर सौदा 95 हजार रुपए में तय किया गया।
पैसे ट्रांसफर होने के बाद ठग ने तकनीकी दिक्कत का बहाना बनाकर और रुपए ऐंठने शुरू कर दिए। पीड़ित से पहले 95 हजार और फिर 61 हजार 500 रुपए ट्रांसफर करा लिए गए। जब ठग ने तीसरी बार 88 हजार रुपए की मांग की, तब पीड़ित को शक हुआ। उन्होंने सीधे आईएएस पी. नरहरि से संपर्क किया, जिन्होंने ऐसी किसी भी बात से इनकार करते हुए फर्जी आईडी की जानकारी दी। सच्चाई सामने आते ही ठग ने व्हाट्सएप चैट और फोटो डिलीट कर दिए।
पीड़ित की शिकायत और वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मुरार थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पैसों के लेन-देन वाले बैंक खातों और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।




