नर्मदापुरम: जिले में एक महिला ने पुलिस विभाग में पदस्थ कांस्टेबल सोमिल सक्सेना पर रेप का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है और एसपी ने उसे निलंबित भी कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता नर्मदापुरम के पास एक गांव की रहने वाली है। करीब एक साल पहले आरोपी सोमिल ने उसे लिफ्ट दी थी, जिसके बाद दोनों की जान-पहचान हुई और बातचीत शुरू हो गई। महिला का आरोप है कि भाई के इलाज के लिए पैसे की जरूरत बताकर आरोपी ने उससे 10 ग्राम सोने के जेवर ले लिए थे। जब उसने अपने गहने वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे घर बुलाया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की।
आरोपी कांस्टेबल सोमिल सक्सेना पुलिस लाइन में पदस्थ है और पिछले करीब 7 महीने से ऑफिस से गैरहाजिर चल रहा था। उसे साल 2022 में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।
पीड़िता की शिकायत पर मंगलवार देर रात कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ रेप की धाराओं में केस दर्ज किया गया। बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी साईं कृष्णा एस. थोटा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




