विदिशा:
शहर के मुखर्जी नगर स्थित श्याम डेयरी इंडस्ट्री पर बुधवार शाम खाद्य सुरक्षा और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापा मारा। घी में मिलावट की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई के दौरान लगभग 750 किलो मिलावटी घी और वेजिटेबल फैट जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपए आंकी गई है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त मनोज पुष्प के निर्देश और कलेक्टर अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में शाम करीब साढ़े पांच बजे ईदगाह रोड स्थित इस फैक्ट्री पर यह रेड डाली गई।
जांच में सामने आई ये गड़बड़ियां:
- वेजिटेबल फैट का इस्तेमाल: जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में ‘मल्टीपर्पस वेज फैट’ का उपयोग करके घी और उससे मिलते-जुलते खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे।
- लाइसेंस में नहीं था जिक्र: अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री के FSSAI लाइसेंस में इस वेजिटेबल फैट के इस्तेमाल या निर्माण का कोई उल्लेख नहीं है। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस में दर्ज तकनीकी विशेषज्ञ (इन-चार्ज) भी मौके पर मौजूद नहीं मिले।
- कई ब्रांड्स के मिले पैकेट: मौके से लगभग 40 किलो बटर, अरिहंत ब्रांड का गाय घी, कामधेनु घी, देहाती घी के टिन, पैकिंग सामग्री और 900 किलो क्षमता वाला घी का स्टोरेज टैंक भी बरामद हुआ है।
6 सैंपल जांच के लिए भेजे गए
प्रशासन की टीम ने गाय का मक्खन, विभिन्न ब्रांड्स का घी, लूज घी और मल्टीपर्पस वेज फैट के कुल 6 सैंपल लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए लेबोरेटरी भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कारोबार पर लगाई गई रोक
फिलहाल, मिलावट की आशंका के चलते पूरी सामग्री को फैक्ट्री के एक कमरे में रखकर सील कर दिया गया है। साथ ही, FSSAI लाइसेंस के तहत अगले आदेश तक इस डेयरी का खाद्य कारोबार पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।



