भोपाल लोकसभा सीट के लिए अब तक 11 नॉमिनेशन भरे जा चुके हैं। इनमें सबसे अमीर हैं, कांग्रेस कैंडिडेट अरुण श्रीवास्तव। पेशे से एडव्होकेट अरुण करोड़पति हैं। उनके पास 6.90 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति हैं। हालांकि, पत्नी के मुकाबले उनकी संपत्ति कम है। उन पर आपराधिक केस भी दर्ज है। कृषि भूमि, जमीन, मकान, सोना-चांदी और गाड़ियों के मामले में अन्य 10 कैंडिडेट उनके मुकाबले कम है।
भोपाल में 12 अप्रैल से नॉमिनेशन की शुरुआत हुई है, जो 19 अप्रैल तक चलेगी। 16 अप्रैल तक 11 कैंडिडेट्स ने नामांकन भरा है। फार्म के साथ उन्होंने संपत्ति का ब्यौरा भी दिया है। 17 अप्रैल को नामांकन नहीं भरे जाएंगे। अब 18 और 19 अप्रैल को ही नामांकन जमा हो सकेंगे। यानी, नामांकन के लिए सिर्फ 2 दिन और मिलेंगे।
11 में से 3 पर दर्ज हैं आपराधिक केस
मैदान में उतरे 11 में से 3 कैंडिडेट ऐसे हैं, जिन पर आपराधिक केस दर्ज है। इनमें कांग्रेस के अरुण श्रीवास्तव, मौलिक अधिकार पार्टी के बाबूलाल सेन और रामप्रसाद पटेल शामिल हैं। बाकी पर एक भी केस नहीं है।
किसी के पास मकान नहीं तो किसी के पास गाड़ी
भोपाल में अब तक जिन उम्मीदवारों ने नामांकन भरे हैं, उनमें कुछ ऐसे भी हैं, जिनके पास न तो गाड़ी है और न ही मकान। कोई पैतृक मकान में रह रहा है तो किसी के पास एक्टिवा है। कांग्रेस के अरुण के पास ट्रैक्टर भी हैं। वे एडव्होकेट होने के साथ कृषक भी हैं।
बीजेपी के आलोक शर्मा 18 को भरेंगे नामांकन
बीजेपी के कैंडिडेट आलोक शर्मा 18 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे। वे रैली के रूप में नामांकन भरने जाएंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी रहेंगे। 19 अप्रैल को कांग्रेस के अरुण फिर से सीनियर नेताओं के साथ नामांकन भरेंगे।




