भोपाल के रातीबढ़ इलाके में स्थित ग्राम आमला के खेत में बने तालाब में डूबने से दो बहनों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे की है। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर लिए हैं। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शव पीएम के लिए हमीदिया हॉस्पिटल की मर्चुरी में भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक दीप्ति वर्मा (13) और तनुश्री वर्मा (9) दोनों सगी बहन हैं, और ग्राम बढ़झिरी में रहती थीं। उनके पिता राजा राम वर्मा गांव में ही खाद बेचने का काम करते हैं। उनकी दुकान घर के पास ही है।
सुबह करीब 9 बजे दोनों बहनें मां चिंता बाई के साथ ग्राम आमला में बने स्वयं के खेत में गई थीं। मां को यहां से प्याज निकालने का काम करना था। खेत में ही एक तालाब बना है। मां काम में व्यस्त हो गई इस बीच दोनों बहने नहाने के लिए तालाब में उतर गई।

मृतका तनुश्री वर्मा की पुरानी तस्वीर।
बच्चियां कब डूबी मां को पता ही नहीं लगा
दोनों एक साथ कब डूब गई, मां को पता ही नहीं लगा। करीब 10:30 बजे मां को बेटियों की याद आई। उन्होंने बेटियों को आसपास देखा तो कहीं नहीं दिखी। आवाजें देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह तालाब के करीब गई, तब बेटियों के शव उन्हें पानी में दिखाई दिए। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। गांव वालों ने शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए रवाना कर दिया।
दोनों बहने थीं स्कूली छात्राएं
बच्चियों के पिता राजा राम ने बताया कि दीप्ति और तनुश्री दोनों गांव के ही एक स्कूल में पढ़ती थीं। दीप्ति पांचवीं और तनुश्री तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। मेरी चार बेटियां हैं, सबसे बड़ी पायल, दूसरे नंबर की रिदिमा तीसरे नंबर की दीप्ति और चौथे नंबर की तनुश्री थी।
इकलौता बेटा मधुसुदन है, और वह सबसे छोटा है। बेटियां मां के साथ खेत गई थीं, जहां खेलते हुए तालाब में नहाने चली गई और डूबने से दोनों की मौत हो गई।

बेटी के शव के इंतजार में मर्चुरी के बाहर बैठे पिता राजा राम और उनके परिजन।
एक-दूसरे को बचाने दोनों की मौत होने का अनुमान
मामले की जांच कर रहे एएसआई केपी मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक को एक बचाने के प्रयास में डूबने से मौत होने का अनुमान है। बच्चियों की मां जब तालाब पर पहुंची तो एक बेटी के शव को पानी में तैरता देखा, जबकि दूसरा शव कुछ देर बाद पानी से ऊपर आया था। मामले में मर्ग कायम कर लिया है। सभी एंगल पर मामले की जांच की जा रही है।




