भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया इलाके में रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पड़ोसी ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए डेढ़ साल के मासूम का अपहरण कर लिया। आरोपी बच्चे को बोरे में भरकर ले जा रहा था, लेकिन समय रहते लोगों ने मासूम को बचा लिया।
क्या है पूरा मामला?
बागमुगालिया निवासी रश्मि अहिरवार का डेढ़ वर्षीय बेटा शनिवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान पड़ोसी अरुण वहाँ पहुँचा और बच्चे को उठाकर बोरे में भर लिया। जब वह बच्चे को लेकर निकलने लगा, तो बोरे के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज आई।
लोगों ने की पिटाई, पुलिस को सौंपा
आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए और आरोपी को रोक लिया। बोरा खुलवाने पर अंदर मासूम को देखकर लोगों का गुस्सा भड़क गया। भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने रश्मि से पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।




