भोपाल। गौतम नगर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। ये तीनों आरोपी लंबे समय से विभिन्न संगीन अपराधों में फरार चल रहे थे और इन पर पुलिस ने 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
क्या है मामला:
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान विवेक यादव (24), करण साहू (21) और सुबुर आरटीओ (20) के रूप में हुई है। ये आरोपी हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर मामलों में वांटेड थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ये आरोपी कहीं भागने की फिराक में हैं, जिसके बाद घेराबंदी कर इन्हें दबोच लिया गया।
खूंखार है अपराधियों का रिकॉर्ड:
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें हत्या, पोक्सो एक्ट (POCSO) और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।




