भोपाल। राजधानी के अतिसुरक्षित माने जाने वाले एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर से भगवान लक्ष्मणजी का चांदी का मुकुट चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस घटना ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है।
दिनदहाड़े वारदात, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा आरोपी
एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा के अनुसार, घटना 30 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे की है। जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना कर रहे थे, तभी एक युवक दर्शन के बहाने भीतर दाखिल हुआ। उसने भगवान के श्रृंगार के लिए रखा चांदी का मुकुट उठाकर जेब में रखा और रफूचक्कर हो गया। अगले ही दिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी का व्यवहार असामान्य और मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुआ है। परिजन भी उसके इस तरह के आचरण से परेशान हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर सियासत तेज
घटना सामने आने के बाद कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरौलिया ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय के ठीक बगल में स्थित वीआईपी क्षेत्र के मंदिर में दिनदहाड़े चोरी होना शहर की कानून-व्यवस्था की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने भी सही जानकारी देने से परहेज किया।
जांच और बरामदगी जारी
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।




