बैतूल। जिले में साइबर ठगों ने अब प्रशासनिक अधिकारियों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। हाल ही में बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के नाम, फोटो और पदनाम का दुरुपयोग कर लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है।
क्या है मामला?
साइबर अपराधी व्हाट्सएप पर कलेक्टर की फोटो लगाकर लोगों को मैसेज भेज रहे हैं। ये मैसेज मुख्य रूप से +66 सीरीज के विदेशी नंबरों और अन्य संदिग्ध मोबाइल नंबरों से आ रहे हैं। ठग किसी जरूरतमंद की मदद के नाम पर तुरंत ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने और बाद में उसे लौटाने का झांसा दे रहे हैं।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने कहा, “मैं कभी भी व्हाट्सएप या फोन के जरिए किसी से निजी खाते में पैसों की मांग नहीं करता। ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें।”
पुलिस और प्रशासन की चेतावनी:
- किसी भी संदिग्ध मैसेज का उत्तर न दें और न ही पैसे ट्रांसफर करें।
- अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
- ऐसे मैसेज मिलने पर तुरंत उसका स्क्रीनशॉट लें और स्थानीय पुलिस या साइबर सेल को शिकायत दर्ज कराएं।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसियों को जांच के निर्देश दे दिए हैं। आम जनता से अपील की गई है कि वे साइबर ठगों के इस जाल से सतर्क रहें।




