भोपाल:
राजधानी भोपाल के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम से सोशल मीडिया पर एक फर्जी (फेक) फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन के ऑफिशियल अकाउंट से इस संबंध में चेतावनी जारी की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘प्रियंक मिश्रा आईएस’ नाम से बनी यह प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है। इस आईडी की प्रोफाइल फोटो में कलेक्टर के साथ एडीएम सुमित पांडेय और जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी भी नजर आ रहे हैं।
प्रशासन की हिदायत:
- फॉलो न करें: इस फर्जी प्रोफाइल को बिल्कुल फॉलो या सब्सक्राइब न करें।
- संदेशों का जवाब न दें: इस आईडी से किसी भी तरह का मैसेज आने पर उसका जवाब न दें।
- तुरंत करें रिपोर्ट: आम जनता से अपील की गई है कि वे इस फेक प्रोफाइल को तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक करें।
पहले भी आ चुके हैं ठगी के मामले
अधिकारियों के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब दो साल पहले पूर्व कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के नाम से भी फर्जी आईडी बनाई गई थी। उस दौरान ठगों ने संबल योजना की राशि दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से 3 हजार से 10 हजार रुपए तक की मांग की थी, और कुछ लोगों ने पैसे ट्रांसफर भी कर दिए थे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सोशल मीडिया अकाउंट पर झांसे में न आएं और सतर्क रहें।




