भोपाल:
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने भोपाल में मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने शहर के कई नामी होटल, रेस्टोरेंट और ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई में लापरवाही और एक्सपायरी सामान मिलने पर अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया है।
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल ‘शुभ इन’ की जांच के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं ठीक मिलीं, लेकिन डस्टबिन, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र, पेयजल रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल में कमियां पाई गईं। इस पर होटल मैनेजर दिलीप जायसवाल की मौजूदगी में टीम ने सैंडविच ब्रेड और बेसन के नमूने जांच के लिए जब्त किए।
इसी तरह, एमपी नगर जोन-1 स्थित ‘मिलन रेस्टोरेंट’ के किचन और स्टोरेज एरिया का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल में गंभीर खामियां मिलने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। गुणवत्ता जांच के लिए खड़ी मिर्च, लाल सोयाबीन तेल, पिसा धनिया पाउडर, समोसा और बटर पनीर के पांच नमूने लिए गए।
ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर भी विभाग की कड़ी नजर रही। नेहरू नगर स्थित ‘ब्लिंकिट’ के वेयरहाउस में जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के तीन पैकेट एक्सपायर्ड मिले। पनीर और गुलाब जामुन के पैकेटों पर लेबलिंग व ब्रांडिंग से जुड़ी अनियमितताएं मिलने पर तीन नमूने सील किए गए। इससे पहले सोमवार रात बाग सेवनिया स्थित ‘स्विगी इंस्टामार्ट’ पर भी छापा मारा गया था, जहां से घी, चना और कुकीज के तीन नमूने लिए गए। स्विगी के मामले में FSSAI लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मिलने पर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग की इस लगातार कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जांच का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।




