विदिशा के कुरवाई में पुलिस ने एक किराना दुकानदार को गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी राजेश सिंह अपनी किराने की दुकान में रोजमर्रा की वस्तुओं के साथ गांजा भी बेच रहा था।
कुरवाई थाना प्रभारी पूजा रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 1 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी राजेश सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी हुई थी छापेमारी
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। इससे पहले भी राजेश की दुकान पर छापेमारी की गई थी, लेकिन तब कुछ बरामद नहीं हुआ था। इस बार पुख्ता जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। विदिशा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है।




