टीकमगढ़। जिले के पलेरा थाना क्षेत्र के बन्नेबुजुर्ग गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ महज 20 दिन की मासूम बच्ची की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी दादी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को अपनी पोती का जन्म लेना नागवार गुजरा था।
क्या है मामला?
घटना 18 जुलाई की रात की है। 45 वर्षीय रेखा आदिवासी ने रात के करीब 3 बजे अपनी बहू पुक्खन के पास सो रही 20 दिन की पोती मनीषा को उठाया और गला घोंटकर उसकी जान ले ली। सुबह जब बच्ची के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को घटना का पता चला। शुरुआत में परिवार ने मामले को झाड़-फूंक से जोड़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर दादी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बेटियों के जन्म से थी नाखुश
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी दादी को घर में बेटी का जन्म पसंद नहीं था। बहू पुक्खन के अनुसार, सास अक्सर कहती थी कि बेटी होने से परिवार को लोगों के सामने झुकना पड़ेगा और भविष्य में शादी का खर्च उठाना पड़ेगा। इसी नफरत के कारण उसने मासूम की हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि आरोपी रेखा आदिवासी के खिलाफ हत्या (धारा 103-1) का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




