इंदौर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली के निजी सहायक और मीडिया सलाहकार ओवेश रहमानी के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोपी पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मोहम्मद आमिर को फोन पर अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पार्टी छोड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद
मूसाखेड़ी निवासी मोहम्मद आमिर ने पुलिस को बताया कि वे साल 2018 से सितंबर 2026 तक AIMIM के लिए काम कर चुके हैं, लेकिन कुछ समय पहले उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। आमिर के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वे रिंग रोड पर एक चाय की दुकान पर थे, तभी ओवेश रहमानी का फोन आया।
आरोप है कि रहमानी ने उनसे कहा कि पार्टी में लंबे समय तक रहने और अंदरूनी बातें जानने के बावजूद वे प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर क्यों लिख रहे हैं। आमिर ने जवाब दिया कि वे जो भी लिखते हैं, तथ्यों और सबूतों के आधार पर लिखते हैं। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
डर के चलते देरी से पहुंची शिकायत
आमिर ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वे दहशत में थे, जिसके कारण तुरंत थाने नहीं पहुंच सके। बाद में मंगलवार को उन्होंने आजाद नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




