ग्वालियर:
सिरौल थाना क्षेत्र के कलारी चौराहा स्थित एक होटल में प्यार और शादी का झूठा वादा कर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
होटल ले जाकर दिया घटना को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, फूटी कॉलोनी निवासी आरोपी रोहित राजौरिया ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया था और लगातार शादी का भरोसा दे रहा था। बीते 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 11:30 से 1:00 बजे के बीच आरोपी पीड़िता को बहला-फुसलाकर ‘होटल सिरौल’ ले गया, जहां उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया।
वादे से मुकरा तो खुला राज
घटना के बाद जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया, तो वह अपने वादे से मुकर गया और उसे धमकाने लगा। ठगा महसूस होने पर पीड़िता ने सिरौल थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार देर रात आरोपी रोहित राजौरिया के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे दबोच लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।




