भोपाल में सरेराह युवक की हत्या के मामले में नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि सीने में चाकू लगने के बाद युवक बेसुध हो चुका है। एक किन्नर ने उसे पकड़ा हुआ है। युवक पड़ोस में खड़ा है, पड़ोस में खड़े रौनक नाम के इस युवक पर हत्या का आरोप है।
वहीं, लहूलुहान हालत में पड़े आदिल को एक अन्य वृद्ध किन्नर सीने में मुक्के मार रहा है। आस-पास कई अन्य किन्नर भी खड़े दिख रहे हैं। कई अन्य लोग खड़े होकर पूरी घटना देख रहे हैं। पूरा घटनाक्रम रविवार सुबह का है।
नया वीडियो सामने आने के बाद मृतक के परिजन ने मंगलवार देर रात तक थाने का घेराव किया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाए हैं कि हत्याकांड के असल आरोपियों को बचाया जा रहा है। रौनक नाम के जिस युवक ने सीने में चाकू घोंपा उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। बेसुध होने के बाद बुजुर्ग किन्नर ने युवक के सीने में मुक्के मारे, उसे भी आरोपी नहीं बनाया गया है।

मृतक के परिजन ने खुद सबूत जुटाकर पुलिस को सौंपे मृतक आदिल के बड़े भाई शहाब ने आरोप लगाया कि एफआईआर में पुलिस ने केवल महक और नवाब को आरोपी बनाया है। जबकि वे शुरू से ही कह रहे थे कि भाई की हत्या में कई लोग शामिल हैं।
शहाब के मुताबिक, टीआई सीबी राठौर ने उनसे कहा कि वीडियो खुद चेक करो और सबूत लाकर दो। इसके बाद, उन्होंने खुद घटनास्थल के आसपास के कई लोगों से मुलाकात की और फुटेज खंगाले। जिसमें हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों के वीडियो मिले।
परिजन का आरोप है कि पुलिस को शुरू से ही बताया गया था कि रौनक उर्फ रोनी (निवासी माता मंदिर) ने उनके भाई के सीने में चाकू घोंपा और उसकी हत्या की। लेकिन पुलिस ने उसे आरोपी नहीं बनाया। यहां तक कि फुटेज मिलने के बाद भी पुलिस कार्रवाई में देरी कर रही थी, जिसके चलते थाने पर विरोध प्रदर्शन किया गया।

डीसीपी ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया प्रदर्शन के बाद डीसीपी रियाज इकबाल मंगलवार रात थाने पहुंचे और परिजन को आश्वासन दिया कि जल्द ही बाकी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि रौनक को मुख्य आरोपी बनाया जाएगा। बुधवार को इस मामले में पिंकी किन्नर और एक अन्य किन्नर को पुलिस ने हिरासत में लिया है।




