गुना: फतेहगढ़ इलाके के चिरौली गांव में पंचायत सचिव के घर हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 985 ग्राम सोना (करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कीमत) बरामद किया है। इस कार्रवाई के तहत प्रशासन ने आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चलवाया है।
3 अगस्त की रात को पंचायत सचिव पवन मीना के घर अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाश घर से करीब एक किलो सोना, छह किलो चांदी, दस लाख रुपये नकद और एक बाइक लूटकर ले गए थे। घटना के समय परिवार के सदस्य कमरों में सो रहे थे और बाहर से कुंडी लगी हुई थी।
कई जिलों और राज्यों में दी गई दबिश
एसपी हितिका वासल के निर्देशन में फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वाड और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने सुराग जुटाए। गुना, शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, भोपाल समेत राजस्थान के कई जिलों में लगातार छापे मारे गए।
जांच में पारदी गैंग द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई। शनिवार को पुलिस ने ग्राम कनेरा (थाना धरनावदा) निवासी राजू पारदी और गजानंद पारदी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती डालना स्वीकार किया।
कुर्क किया गया अवैध अतिक्रमण
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले ही प्रशासन ने कनेरा गांव में उनके अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर लिया था और गुरुवार को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया था। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें दबिश दे रही हैं, जिन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।




