भोपाल। जेल की चारदीवारी के भीतर सजा काट रहे बंदियों के मानसिक तनाव को कम करने और उनके मनोरंजन के लिए भोपाल सेंट्रल जेल के सभागार में एक शानदार संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संगीतमय महफिल में गायकों ने एक से बढ़कर एक नगमे पेश किए, जिससे जेल का माहौल खुशनुमा हो गया। इस विशेष कार्यक्रम में मशहूर गायक परवेज़ खान और नरसिंहगढ़ से आईं गायिका मंतशा खान (प्रिंसेस मंतशा) ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांध दिया। कलाकारों की प्रस्तुति इतनी बेहतरीन थी कि गीतों के हर बोल पर बंदी भाइयों की तालियों और वाहवाही से पूरा जेल सभागार गूंज उठा। कैदियों का उत्साह इतना अधिक था कि उनकी तालियों के शोर में कई बार गायकों को अपनी ही आवाज सुनाई नहीं दे रही थी।
यह आयोजन भोपाल सेंट्रल जेल के अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार के मार्गदर्शन में हुआ, जो हमेशा से कैदियों के हितों की रक्षा करने और उनके प्रति मानवीय व सकारात्मक व्यवहार अपनाने के लिए जाने जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के लिए डिप्टी सुपरिटेंडेंट एम.एस. मरावी और चक्कर अधिकारी दिनेश मुवेल ने मंच पर आकर गायकों को गुलदस्ता भेंट किया और उनका सम्मान कर मनोबल बढ़ाया। जेल प्रशासन की इस पहल से न सिर्फ बंदियों को अपनी परेशानियां और तनाव भुलाने का मौका मिला, बल्कि उनके चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई।




