विदिशा:
शहर के व्यस्त मार्ग पर चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। यातायात थाने के पास शनिवार रात करीब 8 बजे विवेकानंद चौराहे से बस स्टैंड रोड पर एक युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहा था, जबकि युवती बाइक की टंकी पर एक तरफ पैर करके बैठी थी और उसने युवक के गले में बाहें डाल रखी थीं।
इस दौरान वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने उनका यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी से ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं और अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ रही है।

नंबर के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई: टीआई
यातायात थाना प्रभारी आशीष राय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। वीडियो में दिख रही बाइक के नंबर को तकनीकी माध्यम से ट्रेस किया जा रहा है। वाहन मालिक की पहचान होते ही युवक और युवती के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बिना हेलमेट, खतरनाक ड्राइविंग और अन्य धाराओं में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और लोकप्रियता पाने के लिए जान जोखिम में डालकर इस तरह के स्टंट न करें, यह कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।




