सागर में सिलसिलेवार तीन और भोपाल में एक चौकीदार की हत्या कर दहशत फैलाने वाले सीरियल किलिंग मामले में सागर पुलिस ने प्रकरणों की जांच पूरी कर चालान न्यायालय में पेश किए हैं। सागर पुलिस ने हत्या के 3 प्रकरण, एक हत्या का प्रयास और एक चोरी के प्रकरण में कोर्ट में चालान पेश किए हैं। पुलिस ने वारदातों से जुड़े पुख्ता सबूत और गवाह अपनी जांच में शामिल किए हैं। जिनके आधार पर पुलिस सीरियल किलर आरोपी शिवप्रसाद धुर्वे को बड़ी से बड़ी सजा दिलाने की कोशिश में है। प्रकरणों में जल्द सुनवाई शुरू हो सकती है।
दरअसल, सागर में सीरियल किलर आरोपी शिवप्रसाद धुर्वे ने एक के बाद एक सोते हुए 3 चौकीदारों की हत्या की थी। जिससे सागर जिले में दहशत फैली थी। पुलिस ने सागर में घेराबंदी की तो आरोपी भागकर भोपाल पहुंचा था। यहां भी एक चौकीदार की हत्या की थी। इसके अलावा सागर में आरोपी ने मेडिकल कॉलेज रोड पर एक दुकान में चोरी की थी। साथ ही रेलवे स्टेशन रोड पर रेस्टोरेंट के कर्मचारी पर जानलेवा हमला किया था।
इन मामलों में सागर के सिविल लाइन, मोतीनगर और कैंट थाना में आरोपी के खिलाफ 3 हत्या के प्रकरण दर्ज किए गए थे। वहीं कैंट थाने में ही हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा गोपालगंज थाने में आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज हुआ था। पांचों मामले में जांच पूरी कर 4 थानों की पुलिस ने आरोपी शिवप्रसाद के खिलाफ न्यायालय में 5 प्रकरणों के चालान पेश किए हैं। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा ने बताया कि मामले में तीन हत्या, एक हत्या के प्रयास और एक चोरी के मामले में जांच पूरी कर 5 चालान न्यायालय में पेश किए गए हैं। मामला अंडरट्रायल में है। आरोपी को बड़ी से बड़ी सजा दिलाने की हरसंभव कोशिश रहेगी।




