मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत अल्हादाखेड़ी स्थित स्टेडियम में 5 फरवरी को दोपहर 12 बजे केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल वाटरशेड यात्रा की शुरुआत करेंगे।
परियोजनाओं के नए कार्यों का होगा भूमि पूजन इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक हितधारक और अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान सीहोर जिले में चल रही परियोजनाओं के नए कार्यों का भूमि पूजन और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। ग्रामीण भूमि और जल संरक्षण की शपथ लेंगे और पौधरोपण भी करेंगे।
ग्रामीण विकास मंत्रालय कर रहा क्रियान्वयन
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 का वाटरशेड कार्य ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के बंजर और वर्षा आधारित क्षेत्रों का विकास करना है। इसके अंतर्गत रिज टीला क्षेत्र उपचार, जल निकासी व्यवस्था, मिट्टी और नमी संरक्षण, वर्षा जल संचयन, नर्सरी स्थापना, चारागाह विकास और गरीब लोगों के लिए आजीविका के साधन विकसित करने जैसी गतिविधियां शामिल हैं।




