स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत राइट टाउन क्षेत्र में नाली मिलान, भूमिगत पुलिया निर्माण कार्य के चलते गेट नंबर चार की तरफ जाने वाले मार्ग को बंद किए जाने से राहगीर हलकान हो रहे हैं। निर्माण कार्यों के चलते वाहन चालक असीम अस्पताल की तरफ से कोठारी अस्पताल की तरफ न तो आ पा रहे हैं न ही दूसरी तरफ जा पा रहे हैं। मार्ग बंद होने से आम नागरिक तो परेशान होते रहे मरीजों की आफत हो रही है। एंबुलेेंस को भी लंबा फेरा लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। गेट नंबर की चार की तरफ का उक्त मार्ग रविवार तक बंद रहेगा।
बेरीकेट्स हटाकर गए फिर वापस लौटे: जो लोग बंद रास्ते के बेरीकेट्स हटाकर जबरन घुसे उन्हें आगे जाकर वापस लौटना पड़ा। क्योंकि दोनों तरफ बेरीकेट्स लगाकर बीच में पाइपलाइन बिछाने व पुलिया निर्माण का कार्य किया जा रहा था। स्मार्ट सिटी सीईओ निधि सिंह राजपूत ने बताया कि राइट टाउन, नेपियर टाउन में चिन्हित क्षेत्रों में कराए जा रहे विकास कार्यों को तेज गति के साथ कराए जाने के लिए कुछ मार्ग अल्पअवधि के लिए प्रतिबंधित किए गए हैं। गेट नंबर चार की तरफ असीम बाजपेई अस्पताल से कोठारी अस्पताल तक जाने वाले मार्ग की सभी शाखाओं में पाइप लाइन बिछाने व पुलिया निर्माण के मद्देनजर रविवार रात्रि 10 बजे तक उक्त मार्ग बंद रखा जाएगा। कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि उक्त अवधि में उपरोक्त मार्ग का आवागमन के लिए इस्तेमाल न करें। वैकलिपक मार्गों से आवागमन करें। विदित हो कि इसके पहले भी राइट टाउन क्षेत्र में सीवर व अन्य निर्माण कार्यों के चलते कई मार्ग अल्प समय के लिए बंद किए जा चुके हैं। अभी तक कार्य पूरा नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में अन्य मार्ग भी प्रतिबंधित किए जा सकते हैं।




