रायसेन जिले की नगर पंचायत औबेदुल्लागंज में कुछ तो गड़बड़ है… यहां नगर सरकार के ‘अघोषित अध्यक्ष’ यानी अध्यक्ष पति सोनू चौकसे पर गंभीर नहीं, बहुत ही फिल्मी आरोप लगे हैं। आरोप भी ऐसे कि क्राइम पेट्रोल वाले भी नोटबुक लेकर बैठ जाएं! नगर पंचायत के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हर्ष यादव ने एसपी ऑफिस पहुंचकर बताया कि चौकसे साहब पहले तो उनकी ड्यूटी रात की लगवाते रहे और फिर… चुपके-चुपके उनके घर आने-जाने लगे। अब कोई “रात की ड्यूटी” और “दिन में मेहमान” वाली कहानी सुनेगा तो शक तो होगा ही। हर्ष का आरोप है कि जब उसने माया मरी बस्ती की इस माया पर सवाल उठाया तो अध्यक्ष पति ने उसे न सिर्फ पीटा, बल्कि 100 किलोमीटर के दायरे में दिखाई देने पर ‘जमीन में गाड़ देने’ की बॉलीवुड टाइप धमकी भी दे डाली। डर के मारे हर्ष अपने गांव नरसिंहपुर के मररावन भाग गया। अब भाई, जब घर की शांति भंग हो जाए और बीवी दूसरे के साथ चली जाए, तो कोई भी हिल जाएगा। करीब 15 दिन बाद जब हर्ष औबेदुल्लागंज लौटा तो देखा कि उसका किराए का मकान तो ताले में बंद है, और पड़ोसी बताते हैं कि सामान और श्रीमती जी दोनों चौकसे साहब के साथ ‘कहीं’ रवाना हो चुके हैं। अब इस पूरे प्रकरण पर जब सोनू चौकसे से पूछा गया तो उन्होंने वही कहा जो हर राजनीति में पकड़े गए नेता कहते हैं – “मुझे फंसाया जा रहा है, यह सब मेरे खिलाफ साजिश है।” साहब ने भी पलटवार करते हुए थाने में शिकायत ठोंक दी है – कौन किस पर क्या आरोप लगा रहा है, अब तो खुद पुलिस को भी पसीना आ रहा होगा! औबेदुल्लागंज की नगर पंचायत इस वक्त पंचायत से ज़्यादा डेली सोप सीरियल बन चुकी है – यहां की कुर्सी, राजनीति और निजी जीवन के चटपटे तड़के के साथ चर्चा में है। देखते हैं अगला एपिसोड कौन लिखता है!




