क्राइम ब्रांच भोपाल ने व्हिसिल ब्लोअर डॉक्टर आनंद राय को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उन्हें दिल्ली से भोपाल लेकर आ रही है। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस उन्हें भोपाल लेकर पहुंचेगी। इसके बाद आनंद राय को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इधर, स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन की वजह निरीक्षण के दौरान उनकी अस्पताल में अनुपस्थिति बताई गई है।जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पीईबी के कथित तौर पर पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री के उप सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने 27 मार्च को कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा व आनंद राय पर अजाक थाने में मामला दर्ज कराया था। मिश्रा व राय पर एट्रोसिटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई। बाद में मामले को क्राइम ब्रांच में शिफ्ट कर दिया गया। क्राइम ब्रांच गुरुवार को डॉ. आनंद राय को दिल्ली के होटल से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को टीम उन्हें भोपाल की कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस को उन्हें हिरासत में लेने के 24 घंटे के अंदर कोर्ट में पेश करना होगा।यह है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मणसिंह मरकाम पिता राजेंद्र सिंह मरकाम, डी-3/17 फुटबॉल ग्राउंड के पास चार इमली में रहते हैं। वह इंडियन नेवल आर्मामेंट सर्विस के शासकीय कर्मचारी हैं। वे वर्तमान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यालय में उपसचिव के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि, मैंने अपना कार्य पूरी ईमानदारी व निष्ठा से किया। मेरी छवि एक ईमानदार व कर्मठ अधिकारी की है।




