लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने रविवार को दिल्ली में संकल्प पत्र जारी किया। मेनिफेस्टो के जरिए 2047 तक के विकसित भारत के विजन को बताने के लिए भोपाल में स्टेट मीडिया सेंटर में सीएम डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
सीएम मोहन यादव ने इस संकल्प पत्र(मेनिफेस्टो) से मध्य प्रदेश को क्या मिलेगा, इसका पूरा रोड मैप बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश में चार जातियां हैं। ये संकल्प पत्र उनके विकास के लिए संकल्पित है। संकल्प पत्र आगामी 5 वर्ष के लिए सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के आधार पर ही केंद्रित है। संकल्प पत्र 2047 के विकसित भारत का संकल्प पत्र है। इसमें ये भी बताया गया है कि पिछले 10 साल में मोदी सरकार ने क्या-क्या काम किए।
घोषणा पत्र को इसलिए दिया संकल्प पत्र नाम
सीएम मोहन यादव ने कहा, आमतौर पर चुनाव से पहले घोषणा पत्र जारी किए जाते हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले 10 साल में की गई घोषणाओं को संकल्प में बदला है। इन्हें पूरा किया है। इसलिए उन्होंने इसका नाम संकल्प पत्र रखा है। संकल्प वह होता है जिसे पूरा किया जाए। प्रधानमंत्री ने पिछले 10 साल में प्रदेश को जिन-जिन सेक्टर में काम दिए थे वे पूरे किए गए हैं। जो समय मुझे मिला है उसमें हमने भी आगे बढ़ने का प्रयास किया है। इसी आधार पर हमने राज्य के भी संकल्प पत्र पर बात की थी।




