भोपाल के वीआईपी रोड पर चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उनका वाहन जब्त कर लिया गया है और चालक के लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में पुलिस ने परिवहन विभाग को पत्र भी लिखा है।
बता दें कि 28 फरवरी को भोपाल के वीआईपी रोड पर एक बाइक पर दो युवकों के बीच खड़ी एक युवती का डांस करते हुए वीडियो सामने आया था। तेज रफ्तार बाइक पर युवती राह चलते लोगों को फ्लाइंग किस दे रही थी। इतना ही नहीं, वीडियो बनाने पर उसके साथी युवकों ने राहगीरों के साथ अभद्रता भी की।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस उपायुक्त (जोन-03) रियाज इकबाल ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद कोहेफिजा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालक रितिक यदुवंशी और सुमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस युवती साथी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि स्टंट में शामिल युवती की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी
पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2025 को मनीष ललवानी नामक व्यक्ति ने थाना कोहेफिजा में शिकायत दर्ज कराई थी कि बाइक MP04-ZQ-1643 का चालक तेज गति से बाइक लहराते हुए चला रहा था। इसके अलावा, बाइक पर पीछे बैठे युवक और युवती चलती गाड़ी से अश्लील इशारे कर रहे थे, जिससे अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही थी। शिकायत के आधार पर थाना कोहेफिजा पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ये दोनों आरोपी हुए हैं अरेस्ट
- रितिक यदुवंशी (24 वर्ष), पिता – अजब सिंह, निवासी पदमनाम नगर, ओल्ड सुभाष नगर, ऐशबाग, भोपाल।
- सुमित कुमार (25 वर्ष), पिता – नैनीराम, निवासी पदमनाम नगर, ओल्ड सुभाष नगर, ऐशबाग, भोपाल।
इधर, पुलिस ने दी चेतावनी पुलिस ने चेतावनी दी है कि, यदि कोई भी व्यक्ति सड़क पर खतरनाक स्टंट करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वीआईपी रोड जैसी व्यस्त जगहों पर स्टंट करना न सिर्फ वाहन चालक के लिए बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र मर्सकोले, उनि. राम दास कौशल (ट्रैफिक थाना), बाना सिंह पवार, अंतराम यादव, खुमान सिंह की सराहनीय भूमिका रही।




