मंदसौर सिटी कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान केसरीमल पिता लाभचंद्र बावरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
घर के बाहर और बैंक के बाहर से चोरी पहली घटना 19 मई की है, जब शास्त्री कॉलोनी निवासी नागुलाल मेहर की एचएफ डीलक्स बाइक उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। दूसरी चोरी 21 मई को दलौदा निवासी मनीष कुमार पाटीदार की होंडा शाइन बाइक की हुई थी, जो रेलवे स्टेशन रोड स्थित बंधन बैंक के बाहर से चोरी हुई थी।
मुखबिर की सूचना से पकड़ा गया चोर टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि बाइक चोरी की जांच के लिए मुखबिर नेटवर्क और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे। इसी दौरान शनिवार को सूचना मिली कि केसरीमल नामक व्यक्ति अवैध शराब की तस्करी कर रहा है। पुलिस ने केसरीमल को शराब के साथ गिरफ्तार किया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने दोनों मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल कर लिया।
बाइक मिलने पर जताया आभार बाइक वापस मिलने पर नागुलाल मेहर ने पुलिस का आभार जताया और कहा कि पुलिस ने बहुत त्वरित कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस आरोपी से और पूछताछ कर रही है कि कहीं उसने और वारदातें तो नहीं की हैं।




