छतरपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी से खुद की जान का खतरा बताया है। युवक अजय अहिरवार अपने माता-पिता के साथ शुक्रवार को एसपी ऑफिस पहुंचा। यहां आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगाई। युवक का आरोप है कि पत्नी अकेले में ले जाकर उसे नुकसान पहुंचा सकती है।
परिजन को भी आशंका है बहू कहीं इंदौर की सोनम रघुवंशी जैसे पति की हत्या न करवा दें। उनका आरोप है कि बहू लगातार फोन पर अपने जीजा से बात करती थी। कई बार उसे रंगेहाथ पकड़ा भी। जब बहू के परिवार से शिकायत की तो उन्होंने बेटे पर ही आरोप लगा दिए।
छतरपुर एसपी अगम जैन ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। मामला कहा तक सही है, ये जांच के बाद सामने आएगा।

11 जुलाई 2024 को हुई थी दोनों की शादी युवक की मां भागवती और पिता आशाराम ने बताया कि बेटे की शादी 11 जुलाई 2024 को छतरपुर राजनगर थाना क्षेत्र की अहिरवार युवती से हुई थी। हम यूपी के महोबा के रहने वाले हैं। शादी के बाद से ही बहू की हरकतों पर हमें संदेह होने लगा था। बहू किसी से लगातार बात करती थी।
ससुराल से जेवर-नकदी लेकर मायके गई परिजनों ने बताया कि 12 अक्टूबर 2024 को बहू अपने मायके शादी में दिए लाखों के जेवर और नकदी लेकर चली गई और अब तक नहीं लौटी। जब वे लेने गए तो ससुराल पक्ष ने धमकाया। उन्होंने कहा कि अब वह यहीं रहेगी। बाद में समझौते के बाद अजय और उसकी पत्नी महोबा में अलग रहने लगे। लेकिन इसी दौरान अजय को फिर पत्नी की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ।
पत्नी पर साजिश रचने का आरोप अजय ने बताया कि मैंने अपनी पत्नी को मेरे खिलाफ योजना बनाते हुए देखा और सुना। वह अपने जीजा के साथ बातचीत में कुछ प्लानिंग कर रही थी। जब अजय ने जीजा से इस बारे में बात की तो उसने गाली-गलौच शुरू कर दी। युवक ने मैं सिर्फ इतना कह रहा था कि “मेरा परिवार मत तोड़ो। लेकिन पत्नी मुझसे उलझ गई। कहने लगी, तुम मेरे जीजा को कुछ मत कहो
अब पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता इसके बाद वह अपने परिवार वालों को बुलाकर सारा सामान लेकर मायके चली गई। पता करने पर पता चला कि वह अपने जीजा के साथ रह रही है। उसने दावा किया कि पत्नी और उसके जीजा पहले भी उसे धमकी दे चुके हैं। इसलिए अब वह पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता।
परिजन बोले- ससुराल में बेटे को पीटा अजय के माता-पिता का कहना है कि बहू बेटे को अकेले ले जाकर कहीं कुछ गलत न कर दे, इस डर से अब वे उसे बहू के साथ अकेले नहीं रहने देना चाहते। उन्होंने बताया कि जब बेटा एक बार ससुराल गया था तो उसे कमरे में बंद कर पीटा गया, और जब वे पहुंचे तब जाकर छोड़ा गया। अब उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। परिवार का कहना है कि वे किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते। पुलिस मामले में जांच करे और उन्हें सुरक्षा दे।




