ग्वालियर। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने एक विवाहित महिला की शिकायत पर मुरैना निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का झांसा देकर होटल में बनाया संबंध
पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता की पहचान करीब एक साल पहले फेसबुक पर विक्की जाटव (निवासी उत्तमपुर, मुरैना) से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत फोन तक पहुंची। आरोप है कि 7 जुलाई 2025 को विक्की ग्वालियर आया और महिला को मिलने के बहाने एक होटल ले गया। वहां उसने शादी का वादा कर महिला के साथ दुष्कर्म किया। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने जल्द विवाह करने का भरोसा दिलाकर उसे चुप करा दिया।
धमकी दी तो पहुंची पुलिस के पास
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर शारीरिक शोषण करता रहा। हाल ही में जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी सलाखों के पीछे
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रवींद्र जाटव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुरैना से आरोपी विक्की जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।




